एलिवेटेड फ्लाईओवर पर 22 फुट की राम प्रतिमा, शहर में ‘राम सेतु’ के नाम से बनेगी नई पहचान

यूपी गाजियाबाद। गाजियाबाद नगर निगम द्वारा एलिवेटेड फ्लाईओवर पर 22 फुट ऊंची भगवान राम की भव्य प्रतिमा स्थापित की जा रही है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने शुक्रवार को मौके पर पहुंचकर प्रतिमा स्थापना और सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को कार्य शीघ्र और गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।

नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया कि दिल्ली से गाजियाबाद आने वाले मार्ग पर पहले ही राम सेतु द्वार बनाया जा चुका है। अब गाजियाबाद से दिल्ली जाने वाले मार्ग पर भगवान राम की विशाल प्रतिमा स्थापित की जा रही है, जिससे एलिवेटेड फ्लाईओवर की पहचान पूरे शहर में राम सेतु के रूप में स्थापित होगी। उन्होंने कहा कि प्रतिमा अपनी भव्यता और आकर्षक स्वरूप के कारण लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनेगी।

नगर निगम के अनुसार प्रतिमा के आसपास आकर्षक लाइटिंग की भी व्यवस्था की जाएगी, जिससे रात्रि के समय इसका सौंदर्य और अधिक निखरकर सामने आएगा। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने अधिकारियों को प्रतिमा के स्ट्रक्चर, पेंटिंग और फिनिशिंग का कार्य पूरी सावधानी और गुणवत्ता के साथ करने के निर्देश दिए।

गाजियाबाद नगर निगम शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सौंदर्यीकरण अभियान को लगातार गति दे रहा है। इसी क्रम में एलिवेटेड फ्लाईओवर पर राम सेतु द्वार के बाद भगवान राम की विशाल प्रतिमा स्थापित करने की पहल की गई है। नगर निगम का मानना है कि यह परियोजना शहर की सांस्कृतिक पहचान को नई पहचान देने के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों और यात्रियों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनेगी।