
यूपी – गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन स्थित जी.डी. गोयनका पब्लिक स्कूल में आयोजित “आरोहण-2026” सांस्कृतिक प्रतियोगिता में श्री ठाकुरद्वारा बालिका विद्यालय की छात्राओं ने सामूहिक नृत्य प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता का विषय “दिव्य नृत्यम- डांस ऑफ डिवाइन” था, जिसमें छात्राओं ने भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह प्रसंग को आकर्षक नृत्य के माध्यम से प्रस्तुत किया। उनकी प्रस्तुति को दर्शकों और निर्णायकों ने खूब सराहा तथा पूरा सभागार तालियों से गूंज उठा। विजेता टीम को ट्रॉफी और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता में गाजियाबाद और एनसीआर के लगभग 23 विद्यालयों ने भाग लिया, जिनमें डीपीएस, डीडीपीएस, अमिटी इंटरनेशनल स्कूल, श्रीराम ग्लोबल स्कूल, चौधरी छबीलदास पब्लिक स्कूल और परिवर्तन स्कूल सहित अन्य विद्यालय शामिल रहे।
विद्यालय के प्रबंधक ज्ञान प्रकाश गोयल, प्रधानाचार्य पूनम शर्मा, प्रबंधन समिति के सदस्यों तथा संगीत विभाग की शिक्षिकाओं रचना वार्ष्णेय (विभागाध्यक्ष), रचना शर्मा और नेहा शर्मा ने विजेता छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की यह उपलब्धि विद्यालय की गुणवत्ता, अनुशासन और सांस्कृतिक प्रतिभा का उत्कृष्ट उदाहरण है।

