
यूपी – गाजियाबाद। इनर व्हील क्लब ऑफ गाजियाबाद ने 4 अगस्त को प्रोजेक्ट समर्थ के तहत नीव संस्था के सहयोग से दो कियोस्क स्थापित किए। इनमें एक कियोस्क रेलवे स्टेशन के पास और दूसरा आरडीसी क्षेत्र में लगाया गया। इस पहल का उद्देश्य दिव्यांगजनों को स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाना है। इन कियोस्क का संचालन तरुण कुमार और नवरत्न कुमार करेंगे।
कियोस्क का उद्घाटन क्लब अध्यक्ष दीपिका अग्रवाल तथा डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन दीपा गोयल ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि समाज के वंचित और दिव्यांग वर्ग को सम्मानजनक रोजगार उपलब्ध कराना सामाजिक सेवा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह पहल दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रेरणादायी साबित होगी।
कार्यक्रम में क्लब की सदस्य शिखा गर्ग, अनीता, नीना गोयल, रचना अग्रवाल, गीतिका, रोहित, अंशु और तनु सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे सामाजिक कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। क्लब पदाधिकारियों ने बताया कि इनर व्हील क्लब ऑफ गाजियाबाद पिछले 57 वर्षों से शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक सेवा के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार जनकल्याणकारी कार्य करता आ रहा है।

