गोविंदपुरम व्यापार मंडल का विस्तार, गौरव सिंघल बने महामंत्री, अशोक गर्ग कोषाध्यक्ष नियुक्त

यूपीगाजियाबाद। महानगर व्यापार मंडल के केंद्रीय कार्यालय, 60 मालीवाड़ा में आयोजित कार्यक्रम में गोविंदपुरम व्यापार मंडल का विस्तार किया गया। कार्यक्रम महानगर अध्यक्ष गोपीचंद प्रधान और जिला महामंत्री राजदेव त्यागी के नेतृत्व में संपन्न हुआ। संगठन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से गौरव सिंघल को महामंत्री तथा अशोक गर्ग को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।

महानगर अध्यक्ष गोपीचंद प्रधान ने कहा कि व्यापार मंडल लगातार विस्तार कर रहा है और व्यापारियों की समस्याओं के समाधान, उनके अधिकारों की रक्षा तथा व्यापारिक हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों से पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का आह्वान किया।

जिला महामंत्री राजदेव त्यागी ने कहा कि नई जिम्मेदारियों से व्यापारियों का विश्वास और मजबूत होगा तथा संगठन उनकी समस्याओं को प्रभावी ढंग से प्रशासन तक पहुंचाएगा। कार्यक्रम में युवा महानगर व्यापार मंडल के अध्यक्ष विपिन गोयल, युवा वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रवेश गुप्ता, गोविंदपुरम व्यापार मंडल के चेयरमैन हरिओम गर्ग, अध्यक्ष राजीव शर्मा और उपाध्यक्ष कुणाल गुप्ता सहित अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे। अंत में नवनियुक्त पदाधिकारियों का पुष्पगुच्छ व माल्यार्पण कर स्वागत किया गया और व्यापारियों के हित में पूरी निष्ठा से कार्य करने का संकल्प लिया गया।