
यूपी – गाजियाबाद। मेरठ रोड स्थित पारले एग्रो इंडस्ट्री के सामने राष्ट्रीय रोटी बैंक ट्रस्ट द्वारा आयोजित छठे विशाल कांवड़ सेवा शिविर का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच यज्ञ-हवन के साथ हुआ। इसके बाद फीता काटकर शिविर का विधिवत उद्घाटन किया गया। शिविर में कांवड़ियों के लिए भोजन, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है।

कार्यक्रम में डॉ. संजीव शर्मा (सदस्य, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी), पंकज शर्मा (अध्यक्ष, राष्ट्रीय रोटी बैंक ट्रस्ट), सुरेंद्र शर्मा, अश्वनी शर्मा और राजेंद्र सिंह सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। अतिथियों ने शिविर का निरीक्षण कर सेवा कार्यों की सराहना की और ट्रस्ट की पूरी टीम को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।
वक्ताओं ने कहा कि सावन माह में भगवान शिव के भक्त कांवड़ियों की सेवा भारतीय संस्कृति, मानवता और सामाजिक समर्पण की श्रेष्ठ परंपरा का प्रतीक है। उन्होंने समाज के अधिक से अधिक लोगों से ऐसे सेवा कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। ट्रस्ट पदाधिकारियों ने बताया कि शिविर के दौरान कांवड़ियों की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाएगा, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो और वे अपनी यात्रा सुगमता से पूरी कर सकें।

