
यूपी – गाजियाबाद। भारतीय जनता पार्टी महानगर गाजियाबाद की ओर से 13 अगस्त को प्रस्तावित शौर्य तिरंगा यात्रा की तैयारियों को लेकर आईएनएमैंटेक (INMANTEC) कॉलेज में महानगर स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश यादव मौजूद रहे।
राजेश यादव ने कहा कि शौर्य तिरंगा यात्रा राष्ट्रभक्ति, वीर सैनिकों के सम्मान और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को जन-जन तक पहुंचाने का अभियान है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से हर घर तक तिरंगे का संदेश पहुंचाने का आह्वान किया। मयंक गोयल ने बताया कि महानगर के 20 मंडलों, सभी वार्डों और प्रत्येक बूथ पर जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। यात्रा में भारत माता की झांकियां, स्वतंत्रता सेनानियों व सैनिकों की वेशभूषा में बच्चे, ढोल-ताशे, बैंड, तिरंगों से सुसज्जित वाहन और सांस्कृतिक कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र होंगे।
बैठक में कार्यकर्ताओं ने हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने तथा 2027 विधानसभा चुनाव में भाजपा को ऐतिहासिक विजय दिलाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर अजय शर्मा, विशेश्वर त्यागी, अनिल खेड़ा, प्रवीण चौधरी, प्रदीप चौहान वाल्मीकि, महानगर महामंत्री राजेश यादव, पंकज भारद्वाज, गौरव चोपड़ा, मंडल प्रभारी, मंडल अध्यक्ष, महानगर पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

