
यूपी – लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सदस्य दिनेश कुमार गोयल और विजय बहादुर पाठक ने विधान परिषद में नियम-110 के अंतर्गत जनहित से जुड़े दो महत्वपूर्ण विषय उठाए। उन्होंने टोल प्लाजा के आसपास स्थित विद्यालयों की स्कूली बसों को टोल टैक्स से पूर्णतः मुक्त करने और प्रदेशभर में फुटपाथों व सार्वजनिक मार्गों से अतिक्रमण हटाने की मांग की।
दोनों सदस्यों ने कहा कि स्कूल बसों के बार-बार टोल प्लाजा से गुजरने के कारण अतिरिक्त आर्थिक भार पड़ता है, जिसका सीधा असर विद्यार्थियों के अभिभावकों पर पड़ता है। उनके अनुसार केवल टोल शुल्क के कारण प्रति विद्यार्थी लगभग 800 से 850 रुपये प्रतिमाह अतिरिक्त खर्च आता है, जबकि डीजल, चालक-परिचालक के वेतन और रखरखाव सहित यह राशि करीब 2,000 रुपये तक पहुंच जाती है। उन्होंने अन्य राज्यों की तर्ज पर उत्तर प्रदेश में भी स्कूली बसों को टोल टैक्स से मुक्त करने की मांग की।
दूसरे मुद्दे पर दिनेश कुमार गोयल और विजय बहादुर पाठक ने कहा कि लखनऊ, गाजियाबाद, प्रयागराज, वाराणसी, आगरा, मेरठ और कानपुर सहित कई शहरों में फुटपाथों व सार्वजनिक मार्गों पर बढ़ते अतिक्रमण से पैदल यात्रियों, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों और स्कूली बच्चों को परेशानी हो रही है। उन्होंने प्रदेशव्यापी अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाने, अवैध कब्जों पर नियमित कार्रवाई करने तथा लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की।

