विधान परिषद में महिला सुरक्षा और अवैध निर्माण का मुद्दा उठा, पैनिक बटन दुरुस्त करने की मांग

यूपीलखनऊ। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सदस्य दिनेश कुमार गोयल और विजय बहादुर पाठक ने सदन में महिला सुरक्षा तथा प्रदेशभर में बढ़ते अवैध निर्माण जैसे जनहित के महत्वपूर्ण मुद्दे उठाते हुए सरकार का ध्यान आकर्षित किया।

दिनेश कुमार गोयल ने कहा कि राज्य परिवहन निगम की करीब 5,000 बसों में करोड़ों रुपये की लागत से लगाए गए पैनिक बटन रखरखाव के अभाव में निष्क्रिय पड़े हैं। उन्होंने बताया कि केवल गाजियाबाद क्षेत्र की लगभग 680 बसों में पैनिक बटन काम नहीं कर रहे हैं। उन्होंने सरकार से सभी बसों में पैनिक बटन की तत्काल जांच कर उन्हें शीघ्र क्रियाशील बनाने तथा नियमित रखरखाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की, ताकि महिला यात्रियों की सुरक्षा मजबूत हो सके।

सदन में दिनेश कुमार गोयल ने प्रदेशभर में बिना स्वीकृत मानचित्र के बन रहे बहुमंजिला भवनों और व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि विकास प्राधिकरणों, आवास विकास परिषद और औद्योगिक विकास प्राधिकरण क्षेत्रों में अवैध निर्माण तेजी से हो रहे हैं, जिससे नागरिकों की सुरक्षा खतरे में है। उन्होंने सरकार से प्रदेशव्यापी अभियान चलाकर दोषियों पर कठोर कार्रवाई, नियमित जांच और प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने की मांग की।