बिजली विभाग के भ्रष्टाचार के खिलाफ भाकियू महाशक्ति ने दी आंदोलन की चेतावनी

यूपी – गाजियाबाद। 3 अगस्त 2026 को मानसरोवर पार्क में भारतीय किसान यूनियन महाशक्ति की बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता विधि प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय महामंत्री संजय चौहान ने की, जबकि संचालन जिला अध्यक्ष प्रदीप चौहान ने किया। बैठक में मेरठ मंडल युवा अध्यक्ष कुलदीप शर्मा ने आरोप लगाया कि चकबंदी विभाग के अधिकारियों ने फरीदनगर कस्बे के किसानों से चक इधर-उधर करने के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी की है। महिला मोर्चा पश्चिमी उत्तर प्रदेश की अध्यक्ष नीतू चौहान ने आरोप लगाया कि बिजली विभाग के जेई व अन्य अधिकारी घरों में वीडियोग्राफी कराकर फर्जी मुकदमे दर्ज कराने की धमकी देकर अवैध वसूली कर रहे हैं।

बैठक में संगठन का विस्तार करते हुए ठाकुर हरिओम राघव को गाजियाबाद महानगर अध्यक्ष मनोनीत किया गया। इसके बाद बिजली विभाग में कथित भ्रष्टाचार के विरोध में मुख्य अभियंता कार्यालय पर प्रदर्शन किया गया। संगठन ने आरोप लगाया कि लोनी क्षेत्र के टोला बंथला स्थित इंद्रप्रस्थ बिजलीघर के कर्मचारियों द्वारा अवैध उगाही की सीसीटीवी फुटेज उनके पास मौजूद है। इस संबंध में मुख्य अभियंता नरेश भारती को ज्ञापन सौंपकर तीन दिन के भीतर मुकदमा दर्ज कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की गई। चेतावनी दी गई कि कार्रवाई नहीं होने पर एक सप्ताह बाद कार्यालय का घेराव किया जाएगा। बैठक में बंटी सिंह लोधी, रोहित तोमर, अरविंद चौधरी, तौफीक सहित सैकड़ों किसान मौजूद रहे।