सावन के पहले सोमवार पर दूधेश्वरनाथ में उमड़ा आस्था का सैलाब, लाखों श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक

यूपीगाजियाबाद। सिद्धपीठ दूधेश्वरनाथ मठ महादेव मंदिर में सावन के पहले सोमवार पर आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। देशभर से पहुंचे लाखों श्रद्धालुओं ने भगवान दूधेश्वर का जलाभिषेक और पूजा-अर्चना की। भारी भीड़ के बावजूद श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हुई, जिस पर उन्होंने मंदिर प्रशासन की व्यवस्थाओं की सराहना की।

मंदिर के पीठाधीश्वर महंत नारायण गिरी ने सफल आयोजन का श्रेय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश सरकार, विधायक संजीव शर्मा, जिलाधिकारी, पुलिस आयुक्त, महापौर, नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक तथा सभी दूधेश्वर भक्तों को दिया। उन्होंने कहा कि सावन के पहले सोमवार को भगवान दूधेश्वर की पूजा और जलाभिषेक का विशेष महत्व है तथा इस दिन श्रद्धालुओं पर भगवान की विशेष कृपा बरसती है।

इस अवसर पर सुरेश चव्हाणके, पूर्व विधायक सुरेंद्र कुमार मुन्नी सहित अनेक गणमान्य लोगों ने भी जलाभिषेक कर आशीर्वाद प्राप्त किया। मीडिया प्रभारी एस.आर. सुथार ने बताया कि श्रृंगार सेवा समिति के अध्यक्ष विजय मित्तल और उनकी टीम ने भगवान का भव्य श्रृंगार किया। महंत गिरिशानंद गिरि ने धूप एवं दीप आरती संपन्न कराई, जबकि मोहित और उनकी टीम ने रात्रि में विशेष श्रृंगार किया। आयोजन को सफल बनाने में आचार्य अमित कुमार शर्मा, नित्यानंद आचार्य, तोयराज उपाध्याय, रोहित त्रिपाठी सामवेदी, अजय दधीच, शंकर झा तथा मंदिर के लगभग 500 स्वयंसेवकों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।