
यूपी – गाजियाबाद। इंदिरापुरम की 100 फुट रोड स्थित ग्रीन बेल्ट पर अवैध कब्जों के खिलाफ महापौर सुनीता दयाल के नेतृत्व में नगर निगम, जीडीए और तहसील प्रशासन ने संयुक्त अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान कनावनी, प्रहलादगढ़ी और माकनपुर क्षेत्र की सीमा का चिन्हीकरण कर ग्रीन बेल्ट पर बनी अवैध झुग्गियों को हटाकर भूमि को कब्जामुक्त कराया गया।

महापौर ने बताया कि कुछ दिन पहले निरीक्षण के दौरान तीन संस्थानों को सील किया गया था। इसके बाद अभिलेखों की जांच कर जीडीए सचिव को संयुक्त कार्रवाई के लिए पत्र भेजा गया। अभियान में नगर निगम की संपत्ति अधिकारी चंद्रकांता, संपत्ति अधीक्षक रामशंकर वर्मा, लेखपाल सुरेंद्र कौशिक, निशांत त्यागी, उदय नारायण, सहायक अभियंता पवन कुमार तथा अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
कार्रवाई के दौरान वर्ल्ड रेजीडेंसी बिल्डर द्वारा नगर निगम की ग्रीन बेल्ट पर बसाई गई झुग्गियों को हटाने के निर्देश दिए गए। बिल्डर की ओर से एक दिन का समय मांगा गया है। महापौर ने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो बुलडोजर चलाकर कार्रवाई की जाएगी।
महापौर ने बताया कि ग्रीन बेल्ट पर अवैध निर्माण और बिना स्वीकृत नक्शे के हो रहे कार्यों की भी जांच कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि पहले फैजल नामक व्यक्ति द्वारा झुग्गियां बसाने की शिकायत मिली थी, जिन्हें अब हटा दिया गया है। भविष्य में भी ग्रीन बेल्ट पर किसी भी अवैध कब्जे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

