
यूपी – गाजियाबाद। सावन के पहले सोमवार पर कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने अप्सरा बॉर्डर, यूपी गेट, कनावनी पुलिया, दुहाई, मेरठ रोड और दूधेश्वरनाथ मंदिर मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने मेरठ रोड स्थित कंट्रोल रूम पहुंचकर कांवड़ मार्ग और मंदिर परिसर की निगरानी व्यवस्था का भी अवलोकन किया तथा पुलिस अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के बाद नगर आयुक्त दूधेश्वरनाथ मठ मंदिर पहुंचे, जहां अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश, महाप्रबंधक जल कामाख्या प्रसाद आनंद, मुख्य अभियंता नरेंद्र कुमार चौधरी और प्रकाश विभाग के स्वप्निल जैन के साथ भगवान शिव का जलाभिषेक किया। इस दौरान मंदिर के महंत नारायण गिरी ने बताया कि नगर निगम पिछले दो महीने से कांवड़ महोत्सव की तैयारियों में जुटा है, जिससे इस बार श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं।
नगर आयुक्त ने अप्सरा बॉर्डर से मोहन नगर तक सफाई, मोबाइल शौचालयों की स्वच्छता और बैरिकेडिंग कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को नियमित सफाई, शौचालयों के रखरखाव और कांवड़ मार्ग की सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। समय पर हुई व्यवस्थाओं की श्रद्धालुओं और मंदिर प्रशासन ने भी सराहना की।

