
यूपी – गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) के उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल ने मंगलवार को सचिव राजीव कुमार, विशेष कार्याधिकारी तथा अभियंत्रण टीम के साथ राजनगर डिस्ट्रिक्ट सेंटर (आरडीसी) क्षेत्र का व्यापक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने यातायात जाम, अव्यवस्थित पार्किंग, अतिक्रमण, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर ठोस कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
उपाध्यक्ष ने कहा कि अनियोजित पार्किंग और सड़क किनारे वाहनों के खड़े होने से आरडीसी में लगातार जाम की स्थिति बनती है। उन्होंने उपलब्ध पार्किंग स्थलों का वैज्ञानिक ढंग से पुनर्गठन कर स्थायी समाधान तैयार करने के निर्देश दिए। व्हीकल-फ्री जोन का निरीक्षण करते हुए इसे मूल उद्देश्य के अनुरूप विकसित करने और नागरिकों के लिए अधिक सुरक्षित व व्यवस्थित बनाने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान खराब स्ट्रीट लाइटों को तत्काल ठीक कराने, अवैध स्ट्रीट फूड व अन्य अस्थायी स्टॉलों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने तथा सुव्यवस्थित स्ट्रीट वेंडिंग जोन विकसित करने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा नियमित सफाई, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और बेहतर नागरिक सुविधाएं सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।
उपाध्यक्ष ने आरडीसी से सटे हिंडन चौराहे का भी निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि चौराहा सौंदर्यीकरण योजना का टेंडर पूरा हो चुका है और कार्य प्राथमिकता के आधार पर जल्द शुरू कराया जाएगा। उन्होंने सचिव राजीव कुमार सहित संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए।

