रोटरी क्लब गाजियाबाद सैफायर ने स्ट्रीट वेंडर्स को वितरित किए छाते

यूपी – गाजियाबाद। रोटरी क्लब गाजियाबाद सैफायर द्वारा डिस्ट्रिक्ट डे ऑफ एक्शन के तहत मेगा स्ट्रीट वेंडर अंब्रेला डिस्ट्रीब्यूशन ड्राइव का आयोजन किया गया। इस सेवा अभियान के अंतर्गत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत स्ट्रीट वेंडर्स को छाते वितरित किए गए, ताकि उन्हें धूप और बारिश से राहत मिल सके तथा वे सम्मानपूर्वक अपना रोजगार जारी रख सकें।

कार्यक्रम का नेतृत्व क्लब की अध्यक्ष रोटेरियन दीपा गर्ग ने किया। उनके मार्गदर्शन और सेवा भावना के चलते अभियान का सफलतापूर्वक संचालन किया गया। क्लब सदस्यों ने बताया कि दीपा गर्ग के नेतृत्व में क्लब लगातार समाज के जरूरतमंद वर्गों के लिए जनहितकारी गतिविधियां संचालित कर रहा है और यह अभियान भी उसी कड़ी का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

इस अवसर पर रोटरी डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी रोटेरियन रीना गुप्ता तथा असिस्टेंट गवर्नर रोटेरियन निशा गर्ग मुख्य रूप से उपस्थित रहीं। दोनों अतिथियों ने सेवा कार्य की सराहना करते हुए कहा कि समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों की सहायता के लिए इस प्रकार के अभियान नियमित रूप से आयोजित किए जाने चाहिए। उन्होंने रोटरी क्लब गाजियाबाद सैफायर की सामाजिक प्रतिबद्धता और सेवा कार्यों की प्रशंसा की।

कार्यक्रम के दौरान क्लब के पदाधिकारियों ने सभी सदस्यों, सहयोगियों, दानदाताओं और स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सामूहिक सहयोग, सेवा भावना और सामाजिक उत्तरदायित्व के कारण ही ऐसे जनकल्याणकारी अभियान सफल हो पाते हैं। क्लब ने भविष्य में भी शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण और सामाजिक सेवा से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों को निरंतर जारी रखने का संकल्प दोहराया।