महासू देवता मंदिर में आयोजित जागरा मेले में पहुंचे मनोज धामा, बोले- यहां दिव्य ऊर्जा मिली

यूपी – गाजियाबाद/लोनी। उत्तराखंड के हनोल स्थित श्री महासू देवता मंदिर में आयोजित दो दिवसीय जागरा मेले में लोनी नगरपालिका के पूर्व अध्यक्ष मनोज धामा मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। मंदिर प्रांगण में समिति के पदाधिकारियों ने मनोज धामा को शॉल ओढ़ाकर, उत्तराखंड की पारंपरिक अंगवस्त्र एवं टोपी पहनाकर तथा महासू देवता का चित्र भेंट कर सम्मानित किया।

मेले में उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए मनोज धामा ने कहा कि महासू देवता के बारे में उन्होंने कई बार उत्तराखंड के मित्रों और साथियों से सुना था। दो दिवसीय जागरा मेले के अवसर पर उन्होंने धार्मिक भावनाओं के साथ बाबा के दरबार में पहुंचने का निर्णय लिया। यहां आकर उन्हें अपने भीतर एक अलग तरह की सकारात्मक एवं दिव्य ऊर्जा का अनुभव हुआ है। उन्होंने कहा कि बाबा के दर्शन से प्राप्त इस सकारात्मक ऊर्जा को वह अपने क्षेत्रवासियों के कल्याण में लगाने का प्रयास करेंगे।

मनोज धामा ने कहा कि लोनी नगरपालिका क्षेत्र में उत्तराखंड से जुड़े हजारों परिवार निवास करते हैं। समय-समय पर उत्तराखंड के लोग उन्हें अपने धार्मिक आयोजनों में आमंत्रित करते हैं, जिसके कारण वह उत्तराखंड की संस्कृति से विशेष जुड़ाव महसूस करते हैं। महासू देवता के दर्शन कर उन्हें विशेष प्रसन्नता हुई।

इस अवसर पर उत्तराखंड सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज, चकराता विधायक प्रीतम सिंह, ग्राम प्रधान हरीश राजगुरू, पंकज चौहान, नरेन्द्र राणा सहित हजारों श्रद्धालु मौजूद रहे।