
यूपी – गाजियाबाद। भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी गाजियाबाद के तत्वावधान में दिव्यांग सशक्तिकरण अभियान के तहत जिलाधिकारी कार्यालय में 8 वर्षीय दिव्यांग बच्चे कृष्ण को व्हीलचेयर प्रदान की गई। रेड क्रॉस गाजियाबाद के अध्यक्ष एवं जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने अपने कर-कमलों से बच्चे को व्हीलचेयर प्रदान की।
कृष्ण दोनों पैरों से दिव्यांग है और घर पर ही रहता है। उसकी मां घरों में बर्तन साफ करने और झाड़ू लगाने का काम करती हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति के कारण कृष्ण की बड़ी बहन को उसकी देखभाल के लिए घर पर रुकना पड़ता है, जिससे उसकी पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।
जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने बच्चे के परिवार से संवाद कर कृष्ण को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए आवश्यक प्रयास करने की बात कही। उन्होंने उसकी बहन की शिक्षा जारी रखने और परिवार को स्वावलंबी बनाने की दिशा में भी प्रयास करने पर जोर दिया। जिलाधिकारी ने बच्चों को सूखे मेवों का डिब्बा भी प्रदान किया।
रेड क्रॉस के निवर्तमान सभापति सुभाष गुप्ता ने इस सेवा कार्य को प्रायोजित किया। इस अवसर पर उपाध्यक्ष डॉ. सचिन वैश्य, राकेश गुप्ता, एम.सी. गौड़ और बच्चे की कोच रजनी डोंडियाल उपस्थित रहीं। व्हीलचेयर मिलने पर परिवार ने रेड क्रॉस सोसायटी का आभार व्यक्त किया।

