वैदिक मंत्रोच्चार के साथ दूधेश्वर गणपति लड्डू महोत्सव का शुभारंभ

यूपीगाजियाबाद, 14 सितंबर। सिद्धपीठ दूधेश्वर नाथ मठ महादेव मंदिर में सोमवार को भव्य दूधेश्वर गणपति लड्डू महोत्सव-2026 का शुभारंभ श्रद्धा और वैदिक विधि-विधान के साथ हुआ। आयोजन की अध्यक्षता मंदिर के पीठाधीश्वर एवं श्री पंचदशनाम जूना अखाड़ा के अंतरराष्ट्रीय प्रवक्ता महंत नारायण गिरि ने की। दूधेश्वर वेद विद्यापीठ के आचार्यों ने गणपति पूजन, अभिषेक, स्तुति एवं सहस्रनाम पाठ कराया।

महोत्सव के मुख्य यजमान अनुज धर्म गर्ग, अध्यक्ष श्री दूधेश्वर नाथ मंदिर विकास समिति, एवं उनके परिवार ने संकल्प लेकर भगवान गणपति को दूर्वा, पुष्प, मोदक और लड्डू अर्पित किए। विजय मित्तल और बी.के. शर्मा ने भी पूजन में सहभागिता की।

गाजियाबाद विधायक संजीव शर्मा ने अपने जन्मदिन पर मंदिर पहुंचकर भगवान दूधेश्वर और गणपति महाराज का पूजन किया तथा क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। महंत नारायण गिरि ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए आशीर्वाद दिया। हिमांशु शर्मा का भी जन्मदिन मनाया गया।

पूजन में आचार्य लक्ष्मीकांत, आचार्य नित्यानंद, आचार्य रोहित त्रिपाठी, आचार्य अजय दाधीच, साध्वी विष्णुप्रिया गिरि और महंत महेश दास ने धार्मिक अनुष्ठान कराए। इस दौरान विजय सिंगल, सुनील शर्मा, बी.के. शर्मा हनुमान, पुनीत पाहवा, अमित शर्मा, सचिन, पिंटू और संजीव वर्मा सहित सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे।

महंत नारायण गिरि ने कहा कि भगवान गणेश बुद्धि, विवेक, ज्ञान, समृद्धि और शुभता के अधिष्ठाता हैं। महोत्सव में प्रतिदिन 2100 लड्डुओं का भोग लगाया जाएगा। कुल 11 हजार लड्डू अर्पित करने का संकल्प लिया गया है। 17 सितंबर को सुबह 9:30 बजे गणपति शोभायात्रा निकलेगी, जो मुरादनगर स्थित दूधेश्वर घाट पहुंचेगी, जहां प्रतिमा का विधिवत विसर्जन होगा। आयोजन की जानकारी मीडिया प्रभारी पिंटू सुथार ने दी।