
नई दिल्ली। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) मुख्यालय में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अनुसूचित जाति विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र पाल गौतम ने की, जबकि राष्ट्रीय सचिव प्रदीप नरवाल की विशेष उपस्थिति रही।
बैठक में आगामी 5 अगस्त को पूर्व राज्यपाल एवं वरिष्ठ किसान नेता स्वर्गीय सत्यपाल मलिक की पुण्यतिथि पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई। इसके साथ ही संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने, आगामी चुनावों की तैयारियों और जनसंपर्क अभियान को मजबूत बनाने को लेकर विस्तृत रणनीति पर चर्चा की गई।

राजेंद्र पाल गौतम ने पदाधिकारियों से बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त बनाने, जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने तथा कांग्रेस की नीतियों और विचारधारा को आमजन तक पहुंचाने का आह्वान किया। प्रदीप नरवाल ने भी कार्यकर्ताओं से सक्रिय भूमिका निभाने और संगठन विस्तार में योगदान देने का आग्रह किया।
बैठक में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के पदाधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी साझा की तथा आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने का संकल्प लिया। नेताओं ने कहा कि कांग्रेस जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाते हुए संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है।

