छठ पर्व की तैयारियों को लेकर नगर आयुक्त ने पूर्वांचल समाज से मांगे सुझाव, 75 से अधिक घाट होंगे व्यवस्थित

यूपी – गाजियाबाद। छठ पर्व को बेहतर और सुव्यवस्थित बनाने के लिए नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने पुरबिया जनकल्याण परिषद एवं पूर्वांचल समाज की विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। महापौर सुनीता दयाल और नगर आयुक्त के निर्देश पर नगर निगम ने पर्व की तैयारियां शुरू कर दी हैं।

बैठक में रीता सिंह, राकेश तिवारी, जय दीक्षित और मनोज ने नगर निगम की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए सभी छठ घाटों को आकर्षक रंग-बिरंगी लाइटों से सजाने का सुझाव दिया। नगर आयुक्त ने बताया कि हिंडन नदी छठ घाट के अलावा 75 से अधिक घाटों पर प्रकाश, पानी और साफ-सफाई की विशेष व्यवस्था की जाएगी। इस बार हिंडन घाट पर आकर्षक लेजर लाइट शो भी आयोजित होगा।

नगर आयुक्त ने प्रकाश विभाग को सभी प्रमुख घाटों पर रंगीन लाइट लगाने के निर्देश दिए। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश को घाटों और वहां तक पहुंचने वाले मार्गों की सफाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

बैठक में अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार, मुख्य अभियंता निर्माण नरेंद्र कुमार चौधरी और नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश उपस्थित रहे। सभी जोनल प्रभारियों की घाटों पर व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए ड्यूटी लगाई गई है। नगर आयुक्त ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाएगा और सभी तैयारियां समय से पूरी होंगी।