छठ पूजा की तैयारियों पर नगर निगम खर्च करेगा 1.29 करोड़ रुपये, शहर के घाटों का होगा सौंदर्यीकरण

हिंडन नदी छठ घाट पर बनेंगी नई सीढ़ियां, शुद्ध गंगाजल, स्नानघर, शौचालय और रंग-बिरंगी रोशनी की होगी व्यवस्था

यूपी – गाजियाबाद। छठ पूजा को लेकर गाजियाबाद नगर निगम ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस बार शहर के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित छठ घाटों की मरम्मत, रंगाई-पुताई और सौंदर्यीकरण पर करीब 1 करोड़ 29 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। हिंडन नदी स्थित छठ घाट पर विशेष सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसके लिए नगर निगम ने निविदा प्रक्रिया शुरू कर दी है।

महापौर सुनीता दयाल और नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के नेतृत्व में छठ पूजा की तैयारियां कराई जा रही हैं। घाटों पर शुद्ध गंगाजल की व्यवस्था के लिए पानी की लाइन और टोटियां लगाई जाएंगी। इसके अलावा स्नानघर, शौचालय, रंग-बिरंगी लाइटें, साफ-सफाई और घाटों की मरम्मत कराई जाएगी। हिंडन नदी पर बैरिकेडिंग के साथ नई सीढ़ियों का निर्माण भी प्रस्तावित है।

नगर निगम ने वसुंधरा, इंदिरापुरम, विजयनगर, कविनगर, सिटी और मोहननगर जोन के विभिन्न वार्डों में छठ घाटों के कार्यों के लिए निविदाएं जारी की हैं। इनमें नए घाटों का निर्माण और पुराने घाटों का सुधार शामिल है। निविदाएं 31 अक्टूबर तक खोली जाएंगी।

महापौर सुनीता दयाल ने कहा कि छठ पूजा की सभी तैयारियां समय से पूरी कराई जाएंगी। इसके लिए अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे और सभी घाटों पर कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी।

नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया कि निर्माण, स्वास्थ्य और प्रकाश विभाग को त्योहारों की तैयारियों में लगाया गया है। दीपावली और छठ पूजा को देखते हुए शहर की सफाई, प्रकाश व्यवस्था और सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।