
यूपी – गाजियाबाद। लखनऊ विश्वविद्यालय के मैदान पर 31 अक्टूबर से 1 नवंबर तक आयोजित होने वाली 34वीं यूपी मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए गाजियाबाद की 27 सदस्यीय महिला एवं पुरुष टीम का चयन किया गया है। जिला मास्टर्स एथलेटिक्स एसोसिएशन, गाजियाबाद के सचिव लिखी राम चौधरी ने 16 वर्गों में खिलाड़ियों की टीम तैयार की है। सभी खिलाड़ी पूर्व में भी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हैं।
एसोसिएशन के सचिव लिखी राम चौधरी ने बताया कि प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर पदक विजेताओं के अलावा छठा स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को भी वर्ष 2027 में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा।
टीम में अजय पाल सिंह, लिखी राम चौधरी, विजेंद्र सिंह, देवेंद्र सिंह, सतवीर सिंह त्यागी, नरेश कुमार कौशिक, ओम प्रकाश, जीएस गौर, मनवीर सिंह, लव कुश, देव कुमार, शमशेर राणा, पीके गहलोत, वीरेंद्र कुमार, योगेश कुमार, सत्य केतु सिंह, ब्रिज भान शर्मा, भीम सिंह, राकेश कुमार दक्ष, मनोज, गौरव यादव, बिंदु कश्यप, दीपा भास्कर, पारुल राठौर, ऋचा सूद, विजेंद्र चौधरी और मुकेश कुमार शामिल हैं।
एसोसिएशन के वरिष्ठ सह सचिव निशांत चौधरी ने खिलाड़ियों के लिए टी-शर्ट और बनियान की व्यवस्था की है। टीम से प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई गई है।

