
यूपी – गाजियाबाद। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) की ओर से ग्राम शाहबाद उर्फ मीठेपुर और ग्राम मिर्जापुर में निर्मित आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के आवासों के आवंटन के लिए लॉटरी निकाली गई। लोहिया नगर स्थित हिंदी भवन में आयोजित लॉटरी प्रक्रिया के माध्यम से कुल 1493 आवासों का पारदर्शी तरीके से आवंटन किया गया, जबकि 138 आवेदकों को प्रतीक्षा सूची में शामिल किया गया।
योजना संख्या 932/41 के अंतर्गत ग्राम शाहबाद उर्फ मीठेपुर के खसरा संख्या 46 एवं 47 तथा ग्राम मिर्जापुर के खसरा संख्या 126, 128 एवं 129 में इन आवासों का निर्माण कराया गया है। आवंटन प्रक्रिया निर्धारित नियमों और मानकों के अनुरूप निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराई गई।

लॉटरी ड्रॉ अपर सचिव, वित्त नियंत्रक, विशेष कार्याधिकारी और परियोजना अधिकारी (डूडा) सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में संपन्न हुआ। इस दौरान बड़ी संख्या में आवेदक और उनके परिजन मौजूद रहे।
लॉटरी में आवास आवंटित होने पर लाभार्थियों के चेहरे खिल उठे। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, भारत सरकार, उत्तर प्रदेश सरकार और गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के प्रति आभार जताया। प्राधिकरण अधिकारियों के अनुसार, योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सुरक्षित आवास उपलब्ध कराना है। आवंटन प्रक्रिया में पारदर्शिता और पात्रता के निर्धारित मानकों का विशेष ध्यान रखा गया।

