गुर्जर रेजिमेंट के गठन और सरकारी नौकरियों में वरीयता की मांग उठाई

राष्ट्रीय गुर्जर महासभा के अध्यक्ष रविंद्र सिंह गुर्जर बोले, समाज के ऐतिहासिक बलिदान और योगदान को मिले सम्मान

लक्सर (हरिद्वार)। सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर लक्सर स्थित चंदन फार्म में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रीय गुर्जर महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी रविंद्र सिंह गुर्जर ने समाज के ऐतिहासिक योगदान, बलिदान और अधिकारों का मुद्दा उठाया। उन्होंने सरकार से भारतीय सेना में गुर्जर रेजिमेंट के गठन तथा सरकारी नौकरियों में नियमानुसार विशेष वरीयता देने की मांग की।

चौधरी रविंद्र सिंह गुर्जर ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम में गुर्जर समाज के योगदान और वीर महापुरुषों के बलिदान को उचित सम्मान मिलना चाहिए। इसके साथ ही राजनीति और व्यापार में समाज की भागीदारी बढ़ाने के लिए भी प्रयास किए जाने चाहिए। उन्होंने अहमदाबाद के मोटेरा स्टेडियम का नाम पुनः सरदार वल्लभभाई पटेल के नाम पर रखने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि जायज मांगों की अनदेखी होने पर महासभा आंदोलन करेगी।

कार्यक्रम में इतिहासकार सुशील भाटी ने गुर्जर समाज के ऐतिहासिक योगदान और वीर महापुरुषों के बलिदान पर प्रकाश डाला। उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष एडवोकेट चौधरी यशवीर सिंह सहित अन्य वक्ताओं ने समाज की एकता और स्वाभिमान पर विचार रखे।

इस अवसर पर उत्तराखंड की सरदारी ने चौधरी रविंद्र सिंह गुर्जर को पगड़ी और तलवार भेंटकर सम्मानित किया।