
यूपी – गाजियाबाद। स्वरूप पार्क, जीटी रोड साहिबाबाद स्थित ज्ञानपीठ केंद्र-1 में लोक शिक्षण अभियान ट्रस्ट द्वारा शहीद ऊधम सिंह का बलिदान दिवस ‘राष्ट्रीय एकता एवं सर्वधर्म समभाव दिवस’ के रूप में मनाया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने शहीद ऊधम सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी तथा सभी धर्मों और वर्गों के सम्मान का संकल्प लिया।
मुख्य वक्ता समाजवादी चिंतक एवं शिक्षाविद राम दुलार यादव ने कहा कि ऊधम सिंह अदम्य साहस, राष्ट्रभक्ति और बलिदान के प्रतीक थे। उन्होंने जलियांवाला बाग नरसंहार का बदला लेकर देश के सम्मान की रक्षा की और स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि आज समाज में समता, सद्भाव, भाईचारा और सामाजिक न्याय की भावना को मजबूत करने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. देवकर्ण चौहान ने की, जबकि आयोजन इंजीनियर धीरेन्द्र यादव और संचालन श्रमिक नेता अनिल मिश्र ने किया। सी.बी. मौर्य, राम प्यारे यादव, जगन्नाथ प्रसाद और सम्राट सिंह यादव ने भी विचार व्यक्त किए। पंडित विनोद त्रिपाठी ने ज्ञानपीठ संदेश का वाचन किया तथा हुकुम सिंह ने राष्ट्रगीत “मेरा रंग दे बसंती चोला” प्रस्तुत कर वातावरण को देशभक्ति से ओतप्रोत कर दिया।
कार्यक्रम में ओम प्रकाश अरोड़ा, वीर सिंह सैन, अमृत लाल चौरसिया, रामेश्वर यादव, ब्रह्म प्रकाश, मुनीव यादव, अवधेश यादव, भानू प्रताप सिंह, शम्भूनाथ जायसवाल, हेमा सिंह, राम जन्म यादव, राजेन्द्र सिंह, प्रवीण कुमार वर्मा, विजय भाटी एडवोकेट, हरीश ठाकुर, विक्रम सिंह, विजय मिश्र सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

