दिल्ली में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी का शक्ति प्रदर्शन, तालकटोरा स्टेडियम रहा खचाखच

लाखों कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में संगठन विस्तार का संकल्प

नई दिल्ली – सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी की ओर से तालकटोरा इंडोर स्टेडियम में सामाजिक समरसता महारैली एवं पश्चिमी उत्तर प्रदेश कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश सरकार के पंचायती राज एवं अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री ओमप्रकाश राजभर के आह्वान पर आयोजित सम्मेलन में पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।

कार्यक्रम का शुभारंभ दूधेश्वरनाथ मंदिर, गाजियाबाद से आए 21 से अधिक बटुकों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार और शंखनाद के साथ हुआ। ओमप्रकाश राजभर ने सभी बटुकों को सम्मानित किया। सम्मेलन में मुरादाबाद, अमरोहा, बुलंदशहर, मुजफ्फरनगर, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, मेरठ, रामपुर, बरेली, सहारनपुर, बागपत, शाहजहांपुर और बदायूं सहित अनेक जिलों से कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व राज्य मंत्री अरविंद राजभर ने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी पूरे प्रदेश में मजबूती से चुनाव लड़ेगी। उन्होंने सम्मेलन की सफलता का श्रेय व्यापार प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं मुख्य आयोजक राम अवतार जिंदल तथा सभी कार्यकर्ताओं को दिया। राम अवतार जिंदल ने कहा कि यह रैली सामाजिक न्याय, सामाजिक समरसता और संगठन की शक्ति का प्रतीक है तथा कार्यकर्ताओं से प्रत्येक गांव और बूथ तक पार्टी की विचारधारा पहुंचाने का आह्वान किया।

अपने संबोधन में ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी गरीबों, पिछड़ों, किसानों, मजदूरों और वंचित वर्ग के अधिकारों के लिए लगातार संघर्ष कर रही है। उन्होंने कहा कि गंभीर बीमारियों से पीड़ित जरूरतमंद लोगों के उपचार के लिए इस वर्ष लगभग आठ करोड़ रुपये की सहायता उपलब्ध कराई गई है। कार्यक्रम को सफल बनाने में शक्ति सिंह, दयाराम भार्गव, रितेश कुमार, रूद्र राजभर, दीपक चौहान, सुजीत बंजारा, राजू पंडित, डॉ. शाहवुद्दीन अंसारी, नाज़िम अंसारी और विधायक वेदीराम का विशेष योगदान रहा। सम्मेलन में देश-प्रदेश के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।