
साईं उपवन में एक लाख श्रद्धालुओं के लिए होगा प्लास्टिक मुक्त शिविर
यूपी – गाजियाबाद। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने कांवड़ महोत्सव की तैयारियों का निरीक्षण करते हुए कांवड़ मार्ग, मेरठ रोड स्थित कंट्रोल रूम और साईं उपवन में बनने वाले निगम के कांवड़ शिविर का जायजा लिया। उन्होंने बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, सफाई, फॉगिंग, अतिक्रमण हटाने और सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश तथा निर्माण विभाग के सुनील मौर्या मौजूद रहे। नगर आयुक्त ने बताया कि 5 से 11 अगस्त तक साईं उपवन में सात दिवसीय कांवड़ शिविर लगाया जाएगा, जहां करीब एक लाख कांवड़ यात्रियों के लिए विश्राम, स्नान, भोजन तथा महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालय की व्यवस्था की जाएगी। शिविर का संचालन गाजियाबाद नगर निगम साईं सेवा ट्रस्ट के सहयोग से होगा।
नगर आयुक्त ने कहा कि निगम का कांवड़ शिविर पूरी तरह प्लास्टिक मुक्त रहेगा। स्टील के बर्तनों का उपयोग किया जाएगा तथा अन्य शिविर संचालकों से भी प्लास्टिक और थर्माकोल का प्रयोग नहीं करने की अपील की गई है। उन्होंने बताया कि कांवड़ मार्ग पर विशेष सफाई दल, डस्टबिन, नियमित फॉगिंग और निगरानी के लिए कंट्रोल रूम से दूधेश्वरनाथ मंदिर सहित प्रमुख मार्गों पर कैमरों के माध्यम से मॉनिटरिंग की जाएगी। शंभू दयाल कॉलेज में भी कांवड़ियों के विश्राम की विशेष व्यवस्था की जा रही है।

