
यूपी – गाजियाबाद। नेहरू वर्ल्ड स्कूल में शनिवार को कैम्ब्रिज कक्षाओं का वार्षिकोत्सव हर्षोल्लास और रंगारंग प्रस्तुतियों के साथ आयोजित किया गया। समारोह दो पालियों में संपन्न हुआ, जिसमें विद्यार्थियों ने आत्मविश्वास और उत्साह के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम की मुख्य प्रस्तुति ‘द सन रिज़ाइन’ नाटक रही, जिसने अपनी भावनात्मक कहानी और प्रभावशाली मंचन से दर्शकों का मन मोह लिया।

विद्यालय की एक्जीक्यूटिव हेड सुजैन होम्स ने अभिभावकों एवं अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता और नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं। उन्होंने कहा कि नेहरू वर्ल्ड स्कूल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। समारोह में डॉ. प्रवीण कुमार, डॉ. शिखा और डॉ. आकांक्षा कंसल विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम की शुरुआत विद्यार्थियों द्वारा वर्ष 2025-26 की शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक उपलब्धियों पर आधारित वार्षिक रिपोर्ट की प्रस्तुति से हुई। इसके बाद प्रस्तुत नाटक ‘द सन रिज़ाइन’ में दिखाया गया कि करोड़ों वर्षों से पृथ्वी को प्रकाश और ऊर्जा देने वाला सूरज स्वयं को उपेक्षित महसूस कर अपना कार्य छोड़ने का निर्णय लेता है। उसके इस फैसले से पूरी दुनिया अंधकार में डूब जाती है। अंत में एक छोटी बच्ची का सच्चे मन से कहा गया ‘धन्यवाद’ सूरज को उसके योगदान का महत्व महसूस कराता है और वह वापस लौट आता है। नाटक ने सम्मान, कृतज्ञता और छोटी-छोटी खुशियों की अहमियत का प्रभावी संदेश दिया। विद्यार्थियों के अभिनय, संवाद और आकर्षक नृत्य ने प्रस्तुति को यादगार बना दिया।
विद्यालय के डायरेक्टर डॉ. अरुणाभ सिंह ने विद्यार्थियों के परिश्रम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी गतिविधियाँ बच्चों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। समापन पर जूनियर स्कूल की प्रधानाचार्या पूनम गैरोला ने अभिभावकों और शिक्षिकाओं के सहयोग की प्रशंसा करते हुए कहा कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में सभी की समान भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने सफल आयोजन के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।

