जीडीए ने सिद्धार्थ विहार के डूब क्षेत्र में अवैध कॉलोनी की ध्वस्त, प्रताप विहार में भवन कराया कब्जामुक्त

यूपी – गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने प्रवर्तन जोन-4 में अवैध निर्माण और अवैध कॉलोनियों के खिलाफ अभियान चलाते हुए सिद्धार्थ विहार के डूब क्षेत्र में विकसित अवैध कॉलोनी पर बुलडोजर कार्रवाई की। उपाध्यक्ष के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई में लगभग 20 हजार वर्गमीटर क्षेत्र में की गई अवैध प्लॉटिंग, बाउंड्रीवाल, अवैध बिल्डर कार्यालय तथा छोटे निर्माणों को ध्वस्त कर दिया गया। हिण्डन नदी के समीप डूब क्षेत्र में किए गए अतिक्रमण को भी हटाया गया।

इसके अलावा बुद्ध विहार, सेक्टर-12, प्रताप विहार स्थित भवन संख्या बी-140, धम्म विजय परिसर में अनाधिकृत रूप से कब्जा किए गए भवन को कब्जामुक्त कराया गया। जीडीए के अनुसार भवन पर अनिरुद्ध का अनधिकृत कब्जा था, जिसे हटाकर प्राधिकरण ने अपने कब्जे में ले लिया।

कार्रवाई के दौरान कॉलोनाइजरों और निर्माणकर्ताओं ने विरोध किया, लेकिन प्राधिकरण पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित रखते हुए अभियान सफलतापूर्वक पूरा कराया। अभियान का नेतृत्व प्रवर्तन जोन-4 के प्रभारी ने किया। इस दौरान सहायक अभियंता, अवर अभियंता, प्रवर्तन जोन-4 का स्टाफ, प्राधिकरण पुलिस बल और प्रवर्तन दस्ता मौजूद रहा। जीडीए ने स्पष्ट किया कि अवैध निर्माण, अतिक्रमण और अनधिकृत कॉलोनियों के खिलाफ ध्वस्तीकरण एवं सीलिंग की कार्रवाई आगामी महीनों में भी लगातार जारी रहेगी।