
यूपी – गाजियाबाद। बावा लाल मंदिर परिसर में गुरु पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। सुबह मंदिर में बावा लाल दयाल महाराज का पंचामृत स्नान कराया गया। इसके बाद लाल प्रकाश पाठ, सुंदरकांड पाठ और भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर आध्यात्मिक आनंद प्राप्त किया।
इस अवसर पर महंत महेश दास ने गुरु पूर्णिमा का महत्व बताते हुए कहा कि गुरु ही शिष्य को अज्ञान के अंधकार से ज्ञान के प्रकाश की ओर ले जाते हैं। गुरु के मार्गदर्शन के बिना जीवन का ज्ञान अधूरा रहता है। उन्होंने श्रद्धालुओं से गुरु के बताए मार्ग पर चलकर समाज में प्रेम, सेवा और सद्भाव की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया।

पूरे कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से गुंजायमान रहा। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर गुरु का आशीर्वाद प्राप्त किया। समारोह में वीरेंद्र भाटिया, चरणदास सहगल, सोनी, अशोक शर्मा, सुनील वैद, राजू मेहता, रोहित भाटिया, रमन वोहरा तथा मंदिर समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं ने गुरु वंदना कर विश्व कल्याण और समाज में सुख-शांति की कामना की। आयोजन की व्यवस्था मंदिर समिति के सहयोग से संपन्न हुई। संपर्क सचिव सागर शर्मा ने सभी श्रद्धालुओं और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

