
यूपी – गाजियाबाद। श्रावण मास के पावन अवसर पर दूधेश्वर नाथ महादेव मठ मंदिर में गुरु पूजन कार्यक्रम श्रद्धा, आस्था और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भव्य एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों ने गुरु चरणों में पुष्प अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त किया तथा भगवान दूधेश्वरनाथ महादेव के दर्शन कर परिवार, समाज और राष्ट्र की सुख-समृद्धि की कामना की।

गुरु पूजन समारोह में शहर विधायक संजीव शर्मा, भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल, कैलाश गिरी माता, गिरीशानंद गिरि महाराज तथा विश्व ब्रह्मऋषि ब्राह्मण महासभा के पीठाधीश्वर ब्रह्मऋषि विभूति बीके शर्मा हनुमान ने महंत नारायण गिरी महाराज का विधिवत पूजन-अर्चन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान सर्वोच्च माना गया है। गुरु ही अज्ञान रूपी अंधकार को दूर कर ज्ञान का प्रकाश फैलाते हैं और व्यक्ति को जीवन में सही दिशा प्रदान करते हैं। गुरु के सान्निध्य से ही समाज में संस्कार, सेवा, सद्भाव और राष्ट्रभक्ति की भावना मजबूत होती है।

वक्ताओं ने कहा कि दूधेश्वर नाथ महादेव मठ मंदिर लंबे समय से सनातन संस्कृति, धर्म, शिक्षा और सेवा कार्यों का प्रमुख केंद्र रहा है। महंत नारायण गिरी महाराज के मार्गदर्शन में मंदिर में धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से जनकल्याण का संदेश निरंतर दिया जा रहा है।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में संत-महात्मा, गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता और विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी शामिल हुए। भजन-कीर्तन, गुरु वंदना और वैदिक मंत्रोच्चार से पूरा परिसर भक्तिमय बना रहा। अंत में श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया तथा गुरु परंपरा के आदर्शों का अनुसरण कर समाज में प्रेम, सद्भाव और संस्कारों को मजबूत करने का आह्वान किया गया।

