आदर्श जनता इंटर कॉलेज में तीन दिवसीय स्काउट-गाइड प्रशिक्षण शिविर शुरू

यूपी – गाजियाबाद/फरीदनगर। आदर्श जनता इंटर कॉलेज में तीन दिवसीय स्काउट-गाइड प्रशिक्षण शिविर का उत्साहपूर्ण माहौल में शुभारंभ हुआ। शिविर का उद्देश्य छात्र-छात्राओं में अनुशासन, सेवा-भाव, नेतृत्व क्षमता और आत्मनिर्भरता का विकास करना है।

प्रशिक्षण शिविर में जिला मुख्यालय से आए ट्रेनिंग काउंसलर राजदेव यादव ने विद्यार्थियों को स्काउट-गाइड प्रार्थना, झंडा गीत, नियम, प्रतिज्ञा, स्काउटिंग का इतिहास, प्राथमिक चिकित्सा, विभिन्न गांठें एवं बंधन सहित अनेक व्यावहारिक कौशलों का प्रशिक्षण दिया। उन्होंने कहा कि स्काउट-गाइड प्रशिक्षण विद्यार्थियों को विपरीत परिस्थितियों में साहस, संयम और सेवा की भावना के साथ कार्य करना सिखाता है।

प्रधानाचार्य वीरेन्द्र सिंह ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण शिविर विद्यार्थियों के सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रशिक्षण का पूरा लाभ उठाने का आह्वान किया। इस अवसर पर उपप्रधानाचार्य चंद्रशेखर, स्काउट मास्टर कन्हैयालाल श्रीवास्तव, गाइड कैप्टन रेनू सिंह तथा विद्यालय परिवार के अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।

शिविर के दौरान विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह, अनुशासन और लगन के साथ सहभागिता की तथा टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और सेवा-भाव का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। विद्यालय प्रबंधन ने भविष्य में भी ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया।