
यूपी – गाजियाबाद। गाजियाबाद नगर निगम ने निराश्रित श्वानों के प्रबंधन की दिशा में एक नई पहल करते हुए स्ट्रीट डॉग्स में माइक्रोचिप लगाने का अभियान शुरू किया है। इसके साथ ही गाजियाबाद उत्तर प्रदेश का पहला नगर निगम बन गया है, जहां इस प्रकार की व्यवस्था लागू की गई है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देश पर अभियान के प्रथम चरण की शुरुआत विजयनगर जोन के वार्ड संख्या-1 और वसुंधरा जोन के वार्ड संख्या-100 से की गई है।
उप मुख्य पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ. अनुज ने बताया कि शहर के लगभग 48 हजार निराश्रित श्वानों का रेबीज टीकाकरण और बध्याकरण सफलतापूर्वक किया जा चुका है। अब उनकी पहचान और निगरानी के लिए माइक्रोचिप लगाने का कार्य वार्डवार अभियान के रूप में चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस अभियान में जनप्रतिनिधियों और विभिन्न आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों का भी सहयोग मिल रहा है।
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने कहा कि माइक्रोचिप अभियान से श्वानों की बेहतर मॉनिटरिंग संभव होगी और गाजियाबाद को रेबीज मुक्त बनाने के लक्ष्य को गति मिलेगी। उन्होंने पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ. आशीष त्रिपाठी को अभियान की नियमित निगरानी के निर्देश दिए। नगर निगम निराश्रित श्वानों के लिए आधुनिक शेल्टर होम विकसित करने की दिशा में भी तेजी से कार्य कर रहा है।

