जनरेटिव एआई और प्रॉम्प्ट इंजीनियरिंग कोर्स के प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र वितरित

यूपी – गाजियाबाद। शम्भु दयाल (पीजी) कॉलेज में पांच दिवसीय ‘Generative AI and Prompt Engineering’ शॉर्ट टर्म कोर्स सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाले विभिन्न कक्षाओं के छात्र-छात्राओं को प्रमाणपत्र वितरित किए गए। प्रमाणपत्र वितरण समारोह में प्राचार्या प्रो. रोचना मित्तल और अनुशासन अधिकारी प्रो. जय कुमार सरोहा ने विद्यार्थियों को सम्मानित किया।

इस अवसर पर प्राचार्या प्रो. रोचना मित्तल ने कहा कि वर्तमान समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और प्रॉम्प्ट इंजीनियरिंग जैसे आधुनिक कौशल अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से नई तकनीकों को सीखने और अपनी क्षमताओं का निरंतर विकास करने का आह्वान किया। अनुशासन अधिकारी प्रो. जय कुमार सरोहा ने कहा कि तेजी से बदलती तकनीक के दौर में स्वयं को अपडेट रखना समय की आवश्यकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को एआई आधारित पाठ्यक्रमों का लाभ उठाकर अपने उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया और कोर्स को उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक बताया। प्राचार्या प्रो. रोचना मित्तल ने एआई टीम के डॉ. शैलेन्द्र अग्रवाल, डॉ. अनुराधा अग्रवाल, डॉ. अदिति गर्ग और डॉ. निहारिका गर्ग के प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे छात्रोपयोगी शॉर्ट टर्म कोर्स आयोजित कराने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम का संचालन बी.एड. विभाग की प्रभारी डॉ. अनुराधा अग्रवाल ने किया।