आमों की दावत के साथ सजी पावस काव्य गोष्ठी, दो दर्जन कवियों ने बांधा समां

यूपी – गाजियाबाद। देवप्रभा प्रकाशन की ओर से शालीमार गार्डन स्थित ट्रू मीडिया चैनल स्टूडियो में पावस काव्य गोष्ठी एवं आमों की दावत का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्व की पहली महाकवयित्री डॉ. मधु चतुर्वेदी ने की, जबकि वरिष्ठ पत्रकार डॉ. ओमप्रकाश प्रजापति का विशेष सान्निध्य रहा। संचालन कवि, पत्रकार एवं देवप्रभा प्रकाशन के प्रकाशक डॉ. चेतन आनंद ने किया।

काव्य गोष्ठी में वर्षा, प्रकृति और समसामयिक विषयों पर दो दर्जन कवियों ने अपनी रचनाओं का पाठ कर श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। प्रमुख रचनाकारों में डॉ. रमा सिंह, डॉ. ज़की तारिक, सरवर खान सरवर, बाबा कानपुरी, अटल मुरादाबादी, अनिल मीत, डॉ. मनोज कामदेव, डॉ. मधुबाला श्रीवास्तव, दीपिका वल्दिया, गरिमा आर्य, संगीता वर्मा, डॉ. प्रशांत सिंह, पूजा श्रीवास्तव, अर्चना मेहता, शोभा सचान, अजीत श्रीवास्तव तथा ज्योति राठौर शामिल रहे।

आयोजन के दौरान सभी आमंत्रित साहित्यकारों को अंगवस्त्र एवं पुस्तकें भेंट कर सम्मानित किया गया। काव्य पाठ के बाद साहित्यकारों ने ठंडे दूध और आमों की दावत का आनंद लिया तथा साहित्य, संस्कृति और समसामयिक विषयों पर आत्मीय संवाद किया। कार्यक्रम के अंत में सह-संयोजक अजीत श्रीवास्तव ने सभी अतिथियों, कवियों और उपस्थित श्रोताओं का आभार व्यक्त किया।