असालत नगर मंडल में कांग्रेस की बूथ समीक्षा बैठक, कई युवाओं ने थामा पार्टी का दामन

यूपी – गाजियाबाद। विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों के तहत जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा मुरादनगर विधानसभा के असालत नगर मंडल में पोलिंग बूथ कार्यकर्ता समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता केपी स्वामी ने की, जबकि संचालन जिला सचिव आचार्य विकास त्यागी ने किया।

मुख्य अतिथि जिला कांग्रेस अध्यक्ष सतीश शर्मा ने बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने, नियमित जनसंपर्क अभियान चलाने और जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता आमजन के सुख-दुख का साथी बनकर उनकी आवाज बुलंद करे। जिला उपाध्यक्ष एवं मुरादनगर विधानसभा प्रभारी वीरेंद्र चौधरी, प्रदेश सचिव डॉ. संजीव शर्मा, मुरादनगर नगर अध्यक्ष श्रीपाल सिंह और ब्लॉक अध्यक्ष नईमुद्दीन त्यागी सहित जिला, ब्लॉक और नगर कांग्रेस के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता बैठक में मौजूद रहे।

डॉ. संजीव शर्मा ने छात्रों के अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर कांग्रेस की भूमिका का उल्लेख करते हुए कार्यकर्ताओं से अभी से विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। बैठक के दौरान केपी स्वामी के नेतृत्व में भाजपा, भारतीय किसान यूनियन और बसपा से जुड़े कई युवाओं ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की, जिनका पार्टी नेताओं ने स्वागत किया। बैठक में संगठन विस्तार, बूथ समितियों की सक्रियता और जनहित के मुद्दों पर भी चर्चा हुई। अंत में कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत बनाने और कांग्रेस की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाने का संकल्प लिया।