
यूपी – गाजियाबाद। महामाया स्टेडियम में राष्ट्रीय सैनिक संस्था स्पोर्ट्स विंग एवं स्टेपओवर अकादमी द्वारा ईशान त्यागी के नेतृत्व में आयोजित कारगिल विजय दिवस फुटबॉल टूर्नामेंट-2026 का तीसरा संस्करण संपन्न हुआ। दो दिवसीय प्रतियोगिता में 19 सरकारी स्कूलों (13 बालक व 6 बालिका टीम) के 160 खिलाड़ियों ने 32 मुकाबलों में प्रतिभाग किया। पहली बार बालिका वर्ग की टीमों की भागीदारी इस प्रतियोगिता की विशेष उपलब्धि रही।
मुख्य अतिथि डॉ. ऋचा सूद ने खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन और निरंतर प्रयास का संदेश दिया। राष्ट्रीय सैनिक संस्था के गौरव सेनानी ज्ञान सिंह, चंदन सिंह, गणेश दत्त, ओम पाल, वी.पी. शर्मा, प्रधान जी, राजेंद्र त्रिपाठी, पाण्डेय जी, डी.के. दास, पुष्कर भीष्ट और अजय कुमार ने विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया।
बालिका वर्ग में मधुबन बापूधाम प्रथम, बिहारीपुरा द्वितीय और अर्थला कंपोजिट स्कूल तृतीय रहा। व्यक्तिगत पुरस्कारों में आशु (गांधीनगर) को शहीद नायक ओम प्रकाश के नाम पर सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर, अंजली (सीएस मधुबन बापूधाम) को शहीद नायक चमन सिंह के नाम पर सर्वाधिक गोल, आरुषि (सीएस मधुबन बापूधाम) को शहीद यशपाल के नाम पर सर्वश्रेष्ठ मिडफील्डर तथा पिंकी (अर्थला कंपोजिट स्कूल) को शहीद नायक रत्न सिंह के नाम पर सर्वश्रेष्ठ डिफेंडर का पुरस्कार मिला। बालक वर्ग में मधुबन बापूधाम प्रथम, लाल क्वार्टर द्वितीय और गांधीनगर स्कूल तृतीय स्थान पर रहे। पिछले तीन वर्षों से ईशान त्यागी खिलाड़ियों को खेल सामग्री, प्रशिक्षण, परिवहन और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराकर इस पहल को निरंतर आगे बढ़ा रहे हैं।

