
यूपी – गाजियाबाद। वसुंधरा स्थित मेवाड़ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के बीबीए छात्र प्रियांश आर्य ने राज कुमार गोयल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (आरकेजीआईटी) में आयोजित ‘कैंपस कैटेलिस्ट 2025-26’ इंटर इंस्टीट्यूट स्टूडेंट बिजनेस आइडिया पिचिंग प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल कर संस्थान का गौरव बढ़ाया। प्रतियोगिता में विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने अपने नवाचार आधारित व्यावसायिक विचार प्रस्तुत किए। प्रियांश के बिजनेस मॉडल को निर्णायकों ने सबसे प्रभावशाली मानते हुए प्रथम स्थान के लिए चुना। इस उपलब्धि पर उन्हें ट्रॉफी और प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
प्रियांश आर्य इससे पहले भी तकनीकी, सांस्कृतिक, प्रबंधन और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चुके हैं। उन्होंने अब तक राष्ट्रीय और अंतर-महाविद्यालयी प्रतियोगिताओं में 18 से अधिक उल्लेखनीय उपलब्धियां अर्जित की हैं। इनमें प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान के साथ कई विशेष सम्मान और मेरिट प्रमाणपत्र भी शामिल हैं।
मेवाड़ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस की निदेशिका डाॅ. अलका अग्रवाल ने प्रियांश की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि संस्थान के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि प्रियांश की मेहनत, नवाचार और नेतृत्व क्षमता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है। संस्थान के शिक्षकों, सहपाठियों और प्रबंधन ने भी उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

