गुरु पूर्णिमा पर नंदग्राम मंडल में दीपोत्सव, संत गुरु रविदास के संदेशों को अपनाने का आह्वान

यूपी – गाजियाबाद। गुरु पूर्णिमा एवं संत गुरु रविदास की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी के नंदग्राम मंडल द्वारा भव्य दीपोत्सव एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पूज्य महंतों और गुरुजनों का अंगवस्त्र एवं माल्यार्पण कर सम्मान किया गया तथा उनका आशीर्वाद लिया गया। दीपोत्सव के दौरान दीपों की मनमोहक सज्जा और भक्तिमय वातावरण ने कार्यक्रम को आध्यात्मिक स्वरूप प्रदान किया।

मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य दिनेश कुमार गोयल ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान सर्वोच्च है। गुरु ही समाज को ज्ञान, संस्कार और सही दिशा प्रदान करते हैं। उन्होंने संत गुरु रविदास के समरसता, समानता और मानवता के संदेश को आत्मसात करते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा और सद्भाव की भावना पहुंचाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता नंदग्राम मंडल अध्यक्ष हेमंत त्यागी ने की, जबकि संयोजन सुरेंद्र गहलोत ने किया। इस अवसर पर मंडल के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

समापन पर उपस्थित सभी लोगों ने गुरु परंपरा के आदर्शों तथा संत गुरु रविदास के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने, सामाजिक समरसता को मजबूत करने और राष्ट्रसेवा के संकल्प को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।