
यूपी – गाजियाबाद। रेड क्रॉस सोसायटी गाजियाबाद इकाई के तत्वावधान में रोटरी क्लब गाजियाबाद ग्रेटर द्वारा बुधवार को मुरादनगर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में चयनित पात्र क्षय (टीबी) रोगियों को पोषण पोटली वितरित की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य टीबी मरीजों को पोषण संबंधी सहायता उपलब्ध कराकर जनपद को टीबी मुक्त बनाने के अभियान को मजबूती देना रहा।
इस अवसर पर रेड क्रॉस गाजियाबाद के निवर्तमान सभापति सुभाष गुप्ता, रोटरी क्लब गाजियाबाद ग्रेटर के उपाध्यक्ष एवं रेड क्रॉस के आजीवन सदस्य वीरेंद्र अरोड़ा, विपिन अग्रवाल, गीता शर्मा, जिला प्रोबेशन कार्यालय से लोकेंद्र सिंह, सखी वन स्टॉप सेंटर के अधिकारियों के अलावा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक एवं स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे।
सुभाष गुप्ता ने कहा कि उनका लक्ष्य गाजियाबाद को टीबी मुक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि रेड क्रॉस और रोटरी का प्रयास किसी प्रशासनिक अधिकारी या नेता को खुश करना नहीं, बल्कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े जरूरतमंद व्यक्ति तक अपनी सेवाएं पहुंचाना है। उन्होंने सभी सामाजिक संगठनों से भी इस जनहित अभियान में सहयोग की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान चिकित्सालय अधीक्षक डॉ. भारत भूषण ने रेड क्रॉस सोसायटी और रोटरी क्लब गाजियाबाद ग्रेटर की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास टीबी उन्मूलन अभियान को नई गति प्रदान करते हैं।

