
यूपी – गाजियाबाद। रोटरी क्लब ऑफ गाज़ियाबाद ग्रेटर नेक्स्ट एवं यशोदा मेडिसिटी के संयुक्त तत्वावधान में गौतम बुद्ध नगर के ब्लॉक बिसरख-1 स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में किशोरियों के लिए मासिक धर्म स्वास्थ्य जागरूकता कार्यशाला एवं निःशुल्क सैनिटरी पैड वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को मासिक धर्म से जुड़ी भ्रांतियों को दूर कर स्वच्छता, स्वास्थ्य और आत्मविश्वास के प्रति जागरूक बनाना था।
यशोदा मेडिसिटी की वरिष्ठ स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. ज्योत्सना सिंह ने छात्राओं को मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता, संतुलित पोषण, संक्रमण से बचाव, एनीमिया की रोकथाम तथा मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए स्वास्थ्य विषयों पर बिना संकोच खुलकर चर्चा करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यशाला के बाद करीब 300 छात्राओं को निःशुल्क सैनिटरी पैड वितरित किए गए। रोटरी क्लब ऑफ गाज़ियाबाद ग्रेटर नेक्स्ट की अध्यक्ष निधि गौड़ ने कहा कि किशोरियों का स्वास्थ्य और आत्मविश्वास सशक्त समाज की नींव है तथा क्लब भविष्य में भी महिला स्वास्थ्य और जागरूकता से जुड़े अभियान जारी रखेगा।
कार्यक्रम में जे.के.जी. इंटरनेशनल स्कूल, इंदिरापुरम के इंटरैक्ट क्लब के विद्यार्थियों ने सहयोग किया। इंटरैक्ट क्लब टीचर इंचार्ज ज्योत्सना गर्ग की सक्रिय सहभागिता से कार्यक्रम सफल रहा। अंत में रोटरी क्लब ने यशोदा मेडिसिटी की चिकित्सकीय टीम, विद्यालय प्रशासन और सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

