गणेश अस्पताल द्वारा नंदग्राम में निशुल्क स्वास्थ्य शिविर, 200 लोगों ने कराया स्वास्थ्य परीक्षण

यूपीगाजियाबाद। नंदग्राम के ई-ब्लॉक में बिराज फाउंडेशन के सहयोग से गणेश अस्पताल द्वारा निशुल्क स्वास्थ्य परामर्श एवं जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर में करीब 200 लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया और विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लेकर स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी प्राप्त की।

बिराज फाउंडेशन के संस्थापक एवं सीईओ डॉ. बिराज सिंह ने बताया कि नंदग्राम क्षेत्र में बड़ी संख्या में आर्थिक रूप से कमजोर (ईडब्ल्यूएस) परिवार निवास करते हैं। ऐसे लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस शिविर का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी जनसेवा के ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।

गणेश अस्पताल के डायरेक्टर डॉ. प्रतीक शर्मा ने कहा कि अस्पताल सामाजिक दायित्व के तहत समय-समय पर निशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित करता है, ताकि जरूरतमंद लोगों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा परामर्श और जांच की सुविधा मिल सके।

शिविर में मरीजों की सामान्य स्वास्थ्य जांच, रक्तचाप, शुगर सहित अन्य आवश्यक परीक्षण किए गए। चिकित्सकों ने लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने की सलाह भी दी।

कार्यक्रम को सफल बनाने में विमल कुमार यादव और डॉ. रामोद यादव का विशेष सहयोग रहा। गणेश अस्पताल की ओर से डॉ. ललित, डॉ. नमरीन, योगेश, निधि, राहुल और मोहन सहित चिकित्सा एवं सहयोगी स्टाफ ने सेवाएं दीं। स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे निशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने की मांग की।