कारगिल विजय दिवस पर शहीदों को श्रद्धांजलि, ‘जरा याद करो कुर्बानी’ व ‘सैनिकी’ का लोकार्पण

यूपी – गाजियाबाद। साहिबाबाद स्थित शहीद-ए-आजम भगत सिंह, राजगुरु एवं सुखदेव पार्क में कारगिल विजय दिवस पर आयोजित समारोह में सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट कर्नल अर्जुन सिंह यादव की पुस्तकों ‘जरा याद करो कुर्बानी’ और ‘सैनिकी’ का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता शिक्षाविद राम दुलार यादव रहे, जबकि अध्यक्षता पूर्व प्राचार्य डॉ. विशन लाल गौड़ ने की। मुख्य अतिथि कर्नल तुली तथा संचालक पर्यावरणविद कालीचरण चौधरी रहे। कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण, राष्ट्रगीत, दीप प्रज्ज्वलन और कारगिल के शहीदों को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई।

राम दुलार यादव ने कहा कि कारगिल युद्ध में भारतीय सेना ने विपरीत परिस्थितियों में अदम्य साहस का परिचय देकर दुश्मन से कब्जाई गई चौकियों पर तिरंगा फहराया। उन्होंने सेना को धर्मनिरपेक्षता, अनुशासन और राष्ट्रीय एकता की मिसाल बताते हुए समाज में भाईचारा और सद्भाव बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कारगिल युद्ध के 527 से अधिक शहीदों को नमन करते हुए परमवीर चक्र विजेता कैप्टन विक्रम बत्रा, कैप्टन मनोज पांडेय और ग्रेनेडियर योगेंद्र सिंह यादव के योगदान को याद किया।

समारोह को श्रवण कुमार यादव, कैलाश चंद्र, सम्राट सिंह यादव, अनिल मिश्र, जय नारायण शर्मा और प्रवीण वर्मा ने भी संबोधित किया। हुकुम सिंह, राजेंद्र सिंह और पंडित विनोद त्रिपाठी ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए। इस अवसर पर एस.एस. यादव, कृष्णानंद, चंद्रबली मौर्य, विश्वनाथ यादव, अवधेश मिश्र (अधिवक्ता), डॉ. देवकर्ण चौहान, वीर सिंह सैन, राम प्यारे यादव, हाजी मोहम्मद सलाम, ब्रह्म प्रकाश, मुनीव यादव, विजय मिश्र, विजय भाटी (अधिवक्ता), दयाल शर्मा सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।