49वीं स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में जेकेजी इंटरनेशनल स्कूल के दो खिलाड़ी राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित

यूपी – गाजियाबाद। जेकेजी इंटरनेशनल स्कूल, विजय नगर की शूटिंग अकादमी के प्रतिभाशाली खिलाड़ी अचिंत्य राज खन्ना (कक्षा 11) और धनुष कुमार (कक्षा 9) ने 49वीं उत्तर प्रदेश स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑल इंडिया नेशनल शूटिंग प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया है। इस उपलब्धि से विद्यालय में खुशी का माहौल है।

अकादमी के कोच भारत तोमर ने बताया कि यह प्रतियोगिता 21 से 30 जून तक नई दिल्ली स्थित डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में आयोजित हुई, जिसमें प्रदेशभर के लगभग 5,000 निशानेबाजों ने हिस्सा लिया। दोनों खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट निशानेबाजी का प्रदर्शन कर राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया और राष्ट्रीय प्रतियोगिता में स्थान सुनिश्चित किया।

अब अचिंत्य राज खन्ना और धनुष कुमार 13 से 30 जुलाई तक देहरादून में आयोजित होने वाली ऑल इंडिया नेशनल शूटिंग प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।

विद्यालय की प्रधानाचार्या अंजू गौड़ और निदेशक करुण गौड़ ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे विद्यालय के लिए गौरव का विषय है तथा अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत भी है। इस अवसर पर प्रधानाचार्या अंजू गौड़ ने दोनों खिलाड़ियों को प्रोत्साहन स्वरूप शूटिंग पिस्टल भेंट कर सम्मानित किया।

कोच भारत तोमर ने बताया कि राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों को अनुशासन, समर्पण और कड़ी मेहनत के साथ विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।