महाकवि कुँअर बेचैन की कविताओं से गूंजा एल.एन. पब्लिक स्कूल, 10 विद्यार्थी सम्मानित

यूपी – हापुड़। देवप्रभा प्रकाशन के तत्वावधान में एल.एन. पब्लिक स्कूल में महाकवि डॉ. कुँअर बेचैन की कविताओं की वाचन प्रतियोगिता एवं भव्य कवि सम्मेलन आयोजित किया गया। प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने महाकवि की कालजयी रचनाओं का भावपूर्ण पाठ कर उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में साहित्य, संस्कृति और प्रकृति प्रेम का अनूठा संगम देखने को मिला।

प्रतियोगिता में प्राची कश्यप ने प्रथम, मोहमदा व प्रियांशी ने द्वितीय तथा यशु भारती और काव्य सिंहल ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। जिया शर्मा, संजना, गरिमा श्रेष्ठा भारती और यशस्वी को सांत्वना पुरस्कार दिए गए। सभी विजेताओं को प्रशस्ति-पत्र, स्वर्ण पदक, उपहार एवं स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया गया।

विद्यालय के अध्यक्ष पंकज अग्रवाल ने कहा कि डॉ. कुँअर बेचैन जैसे साहित्यकारों की रचनाएं नई पीढ़ी को संवेदनशील और संस्कारित बनाती हैं। सचिव विनय त्यागी ने शिक्षा में साहित्य, संस्कृति और मानवीय मूल्यों के समावेश पर बल दिया। प्रधानाचार्या डॉ. आराधना बाजपेई ने प्रकृति पर आधारित अपना मुक्तक सुनाकर सभी को भावविभोर किया।

वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. अनिल बाजपेई ने प्रकृति और मानव के आत्मीय संबंधों पर आधारित अपनी कविता प्रस्तुत की। प्रख्यात कवि, पत्रकार एवं देवप्रभा प्रकाशन के प्रकाशक डॉ. चेतन आनंद ने अपनी ग़ज़ल के अशआर सुनाकर खूब वाहवाही बटोरी। गीतकार महावीर वर्मा ‘मधुर’ ने प्रकृति की सुंदरता पर आधारित गीत प्रस्तुत किया, जबकि कवि एम.एल. तेजियान ने श्रमिक जीवन और शिक्षा के महत्व पर अपनी रचना सुनाई।

कार्यक्रम का प्रभावशाली संचालन राजीव द्विवेदी ने किया। अंत में प्रधानाचार्या डॉ. आराधना बाजपेई ने सभी प्रतिभागियों, अतिथियों एवं साहित्यकारों का आभार व्यक्त किया।