
यूपी – गाजियाबाद। डॉ. बी.आर. अम्बेडकर जन्मोत्सव समिति द्वारा शिब्बनपुरा, पटेल नगर-2 स्थित नवनिर्मित समिति के पहले स्थायी भवन भीम सम्यक सदन का उद्घाटन रविवार को बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर के पौत्र डॉ. भीमराव यशवंत राव अम्बेडकर ने किया। मुख्य अतिथि ने रिबन काटकर भवन का लोकार्पण किया, जिसके बाद बुद्ध वंदना के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।

समिति की अध्यक्षा कमलेश कुमारी एडवोकेट ने संस्था की स्थापना से लेकर वर्तमान तक की यात्रा का उल्लेख करते हुए बताया कि स्थायी भवन के अभाव में समिति को लंबे समय तक अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। समाज के लोगों के सहयोग और जनसहभागिता से भीम सम्यक सदन का निर्माण संभव हो सका। उन्होंने कहा कि बाबा साहब के वंशज के हाथों भवन का उद्घाटन होना समिति और पूरे समाज के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने भवन निर्माण के लिए धनराशि जुटाने की प्रक्रिया और समाज के सहयोग की भी विस्तार से जानकारी दी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. चरन सिंह, शेर सिंह, मुकट लाल तोमर, प्यारे लाल जाटव, डॉ. सौदान सिंह, पवन कुमार, अभिषेक गर्ग तथा उम्मेद सिंह गौतम ने भी अपने विचार रखे और भवन को सामाजिक जागरूकता, शिक्षा तथा संगठनात्मक गतिविधियों का महत्वपूर्ण केंद्र बताया।


मुख्य अतिथि डॉ. भीमराव यशवंत राव अम्बेडकर ने कहा कि यह उनका गाजियाबाद का पहला दौरा है और बाबा साहब के नाम पर बने भवन का उद्घाटन करना उनके लिए अत्यंत खुशी और सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि गाजियाबाद सामाजिक आंदोलन से जुड़े जागरूक लोगों का शहर है। यहां बड़ी संख्या में लोग सरकारी सेवा से सेवानिवृत्त होने के बाद भी सामाजिक सरोकारों से जुड़े रहकर समाजहित में कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को बाबा साहब के विचारों से जोड़ने और सामाजिक चेतना को मजबूत करने में भीम सम्यक सदन महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

