मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दूधेश्वरनाथ मंदिर में किया जलाभिषेक, प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना

कांवड़ मेले और श्रावण शिवरात्रि की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण

यूपी – गाजियाबाद। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को जनपद भ्रमण के दौरान ऐतिहासिक एवं पौराणिक महत्व के दूधेश्वरनाथ महादेव मठ मंदिर पहुंचकर भगवान दूधेश्वर का विधि-विधान से जलाभिषेक और पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, आरोग्य और लोकमंगल की कामना की। इस अवसर पर जूना अखाड़ा के संरक्षक एवं अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के महामंत्री हरि गिरि महाराज तथा मंदिर के पीठाधीश्वर नारायण गिरि महाराज ने मुख्यमंत्री का स्वागत एवं अभिनंदन किया। दूधेश्वर वेद विद्यालय संस्थान के वेदपाठी बटुकों ने वैदिक स्वस्तिवाचन और पुष्पवर्षा से उनका स्वागत किया।

मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में स्थित देवी-देवताओं के दर्शन कर सिद्ध गुरु मूर्तियों की समाधियों पर नमन किया तथा नंदी महाराज के भी दर्शन किए। इसके बाद उन्होंने वेद विद्यालय के वेदपाठी बटुकों और संस्कृत शिक्षार्थियों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि भारतीय ज्ञान परंपरा, वैदिक संस्कृति और संस्कृत भाषा का संरक्षण राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण आधार है तथा दूधेश्वरनाथ मठ और वेद विद्यालय इस दिशा में उल्लेखनीय कार्य कर रहे हैं।

हरि गिरि महाराज ने कहा कि मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश के विकास के साथ सामाजिक समरसता और समानता की मिसाल स्थापित की है। नारायण गिरि महाराज ने कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विकास के नए शिखर पर पहुंचा है। मुख्यमंत्री ने उनके साथ सनातन संस्कृति, आध्यात्मिक साधना और वैदिक परंपरा पर भी चर्चा की तथा संत-महात्माओं का आशीर्वाद लिया।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने श्रावण मास, कांवड़ मेले और श्रावण शिवरात्रि की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। एस.आर. सुथार, मीडिया प्रभारी, दूधेश्वरनाथ मंदिर ने बताया कि मुख्यमंत्री के आगमन की सूचना पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और मुख्यमंत्री ने सभी का अभिवादन स्वीकार किया।