गाजियाबाद में लॉन्च हुआ संगीत एल्बम ‘सुकून’, राजा घोष की आवाज़ का जादू

यूपी – गाजियाबाद। आरडीसी स्थित एक रेस्टोरेंट में बहुप्रतीक्षित संगीत एल्बम ‘सुकून’ का भव्य लॉन्च और प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। एल्बम को युवा गायक राजा घोष ने अपनी भावपूर्ण आवाज़ से सजाया है। यह उनका दूसरा संगीत एल्बम है, जिससे संगीत प्रेमियों और उद्योग को काफी उम्मीदें हैं।

एल्बम के एक विशेष गीत को बॉलीवुड की पार्श्व गायिका, ज़ी टीवी के ‘सा रे गा मा पा’ की विजेता और जज अर्पिता मुखर्जी ने स्वर दिए हैं। एल्बम का संगीत बॉलीवुड के प्रसिद्ध संगीतकार संकल्प श्रीवास्तव ने तैयार किया है। उन्होंने बताया कि इससे पहले उनके निर्देशन में हरिहरन, जावेद अली, श्रेया घोषाल, ऋचा शर्मा और जसपिंदर नरूला जैसे नामी कलाकार अपनी आवाज़ दे चुके हैं।

संकल्प श्रीवास्तव ने मीडिया से बातचीत में एल्बम निर्माण, अपने संगीत सफर और आगामी परियोजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एल्बम के गीतकार चेतन आनंद हिंदी साहित्य और मंचीय काव्य जगत का प्रतिष्ठित नाम हैं। उनकी एक गीत और एक ग़ज़ल इस एल्बम का हिस्सा हैं। इसके अलावा रवि-राकेश द्वारा लिखे गए प्रेमगीत भी एल्बम में शामिल किए गए हैं, जो अपनी सरल भाषा और भावपूर्ण अभिव्यक्ति से श्रोताओं के दिलों को छूने का प्रयास करेंगे। कार्यक्रम में उपस्थित कलाकारों और संगीत प्रेमियों ने एल्बम ‘सुकून’ की सफलता की कामना की।