जीडीए की ₹596 करोड़ की 23 विकास परियोजनाओं को मिली रफ्तार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया लोकार्पण व शिलान्यास

यूपी – गाजियाबाद। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को मुरादनगर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित जनसभा के दौरान गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) की करीब 596.40 करोड़ रुपये की 23 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें 91.29 करोड़ रुपये की चार पूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 505.11 करोड़ रुपये की 19 नई परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत मधुबन बापूधाम में निर्मित 856 ईडब्ल्यूएस आवासों तथा राजस्व ग्राम निवाड़ी में बने 528 ईडब्ल्यूएस आवासों का लोकार्पण किया। इस दौरान मधुबन बापूधाम के लाभार्थी कृष्ण कुमार और निवाड़ी योजना के एक चयनित लाभार्थी को आवास की प्रतीकात्मक चाबी भी सौंपी गई। कृष्ण कुमार ने आवास मिलने पर प्रदेश सरकार और जीडीए का आभार व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री ने ग्राम सिकरोड़ में 45 मीटर चौड़ी जोनल रोड (ए-6) के अवशेष भाग, ड्रेनेज और सीवरेज कार्य तथा मधुबन बापूधाम औद्योगिक क्षेत्र में बने 33/11 केवी सब-स्टेशन का भी लोकार्पण किया।

शिलान्यास की प्रमुख परियोजनाओं में हापुड़ चुंगी फ्लाईओवर, राजनगर डिस्ट्रिक्ट सेंटर (आरडीसी) में मल्टीलेवल पार्किंग, मेरठ रोड से आउटर रिंग रोड को जोड़ने वाली हम-तुम रोड का चौड़ीकरण, एनडीआरएफ रोड निर्माण, गोविंदपुरम जंक्शन और हरसांव जंक्शन का सौंदर्यीकरण, विकसित भारत पार्क, आनंद वाटिका, शहीद स्मारक पार्क में ओपन एयर थिएटर, नॉर्दर्न पेरिफेरल रोड सहित अनेक आधारभूत विकास कार्य शामिल हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश सरकार आधुनिक आधारभूत संरचना, बेहतर आवास, सुगम यातायात और निवेश को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रही है। जीडीए ने सभी परियोजनाओं को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी ढंग से पूरा करने की प्रतिबद्धता जताई। इन योजनाओं के पूरा होने से गाजियाबाद, मुरादनगर, मोदीनगर और आसपास के क्षेत्रों में सड़क, जल निकासी, बिजली, पार्किंग और शहरी सुविधाओं में व्यापक सुधार होगा।