
योगी बोले— गाजियाबाद अब दिल्ली का ग्रोथ इंजन, विकास और सुशासन की नई पहचान

यूपी – गाजियाबाद। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को मुरादनगर स्थित कुशलपाल त्यागी मेमोरियल डिग्री कॉलेज में आयोजित समारोह में 868 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 90 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। उन्होंने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को चेक, लैपटॉप, आवास की चाबी और प्रशस्ति-पत्र भी वितरित किए। कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री ने पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं छह बार विधायक रहे स्वर्गीय राजपाल सिंह त्यागी की प्रतिमा का अनावरण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

गाजियाबाद विकास का नया मॉडल
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय गाजियाबाद गुंडागर्दी और अव्यवस्था के लिए चर्चित था, लेकिन आज यह विकास, निवेश, आधुनिक आधारभूत संरचना और बेहतर कानून-व्यवस्था के कारण राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में नई पहचान बना चुका है। उन्होंने कहा कि अब गाजियाबाद “दिल्ली का ग्रोथ इंजन” बनकर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को गति दे रहा है। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे, ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे, नमो भारत रेल, हिंडन सिविल टर्मिनल और अन्य परियोजनाओं ने क्षेत्र की कनेक्टिविटी को नई ऊंचाई दी है।

धार्मिक आस्था और जनकल्याण पर जोर
योगी आदित्यनाथ ने कांवड़ यात्रा की गरिमा बनाए रखने का आह्वान करते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि दूधेश्वरनाथ मंदिर कॉरिडोर और अन्य धार्मिक स्थलों का विकास कराया जा रहा है। कार्यक्रम में उन्होंने विराज और रिधिमा का अन्नप्राशन संस्कार तथा काजल और रेखा की गोदभराई की रस्म भी निभाई।

लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ
समारोह में उत्तर प्रदेश बाल सेवा योजना के तहत धनंजय तोमर और रिहा जैन को लैपटॉप, मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार योजना के तहत सहन्सरपाल सिंह को 30 लाख तथा राजेश कुमार को 15 लाख रुपये के चेक दिए गए। मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत कविता और मोमीना, जबकि प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत कृष्ण कुमार को आवास की चाबी प्रदान की गई। ओडीओपी योजना में लक्ष्य मित्तल और उर्मिला त्रिपाठी को 50-50 लाख रुपये तथा मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना में सौरभ गर्ग और रोबिन कुमार को स्वरोजगार के लिए वित्तीय सहायता दी गई।

जनप्रतिनिधियों ने रखे विचार
समारोह को कैबिनेट मंत्री एवं साहिबाबाद विधायक सुनील कुमार शर्मा, राज्यमंत्री नरेन्द्र कश्यप, गाजियाबाद सांसद अतुल गर्ग, बागपत सांसद राजकुमार सांगवान, मोदीनगर विधायक डॉ. मंजू सिवाच और मुरादनगर विधायक अजीतपाल त्यागी ने संबोधित किया। सभी वक्ताओं ने स्वर्गीय राजपाल सिंह त्यागी को श्रद्धांजलि देते हुए प्रदेश सरकार की विकास योजनाओं की सराहना की।

बड़ी संख्या में रहे गणमान्य उपस्थित
कार्यक्रम में पश्चिम उत्तर प्रदेश भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर, महापौर सुनीता दयाल, जिला पंचायत अध्यक्ष ममता त्यागी, सदर विधायक संजीव शर्मा, लोनी विधायक नन्दकिशोर गुर्जर, भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल, भाजपा जिलाध्यक्ष चैनपाल सिंह, विधान परिषद सदस्य दिनेश गोयल, जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और हजारों की संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। मंच संचालन डॉ. पूनम शर्मा ने किया।

