कांवड़ यात्रा में सुरक्षा, स्वच्छता और अफवाहों पर रहेगी सख्त निगरानी: योगी

यूपी – गाजियाबाद। आगामी श्रावण मास की कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को महात्मा गांधी सभागार, कलेक्ट्रेट में मेरठ एवं सहारनपुर मंडल के पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि यात्रा शुरू होने से पहले सभी विभाग अपनी तैयारियां पूरी कर लें तथा सुरक्षा, स्वच्छता और यातायात व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही न हो।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांवड़ यात्रा मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए, सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं और ड्रोन से लगातार निगरानी रखी जाए। सोशल मीडिया व डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अफवाह फैलाने वाले अराजक तत्वों के खिलाफ तत्काल और सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि डीजे की आवाज और कांवड़ की ऊंचाई निर्धारित मानकों के अनुरूप ही रहे, इसके लिए डीजे संचालकों, कांवड़ निर्माताओं और कांवड़ संघों से समन्वय बनाया जाए।

योगी आदित्यनाथ ने लोक निर्माण विभाग और सिंचाई विभाग को यात्रा मार्ग गड्ढामुक्त करने, झाड़ियों की सफाई कराने तथा स्वच्छता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। शिविरों में पेयजल, शौचालय, बिजली, स्ट्रीट लाइट, साफ-सफाई और सात्विक भोजन की समुचित व्यवस्था करने को कहा। साथ ही यात्रा मार्ग पर मांस और शराब की सभी दुकानों को बंद रखने तथा इसकी प्रभावी निगरानी करने के निर्देश दिए। परिवहन विभाग को वाहन चालकों की नशामुक्त ड्यूटी सुनिश्चित करने और विद्युत विभाग को ट्रांसफॉर्मर व बिजली लाइनों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने को कहा।

बैठक में मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी, प्रमुख सचिव आवास एवं नगर नियोजन पी. गुरु प्रसाद, आवास आयुक्त डॉ. बलकार सिंह, एडीजी मेरठ जोन भानु भास्कर, मंडलायुक्त मेरठ भानु चंद्र गोस्वामी, मंडलायुक्त सहारनपुर डॉ. रूपेश कुमार, पुलिस आयुक्त गौतमबुद्ध नगर लक्ष्मी सिंह, पुलिस आयुक्त गाजियाबाद जे. रविंद्र गौड़, जिलाधिकारी गाजियाबाद रविंद्र कुमार मॉंदड़, नगरायुक्त गाजियाबाद विक्रमादित्य सिंह मलिक सहित मेरठ और सहारनपुर मंडल के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।